देश के सबसे अमीर शख्स और सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मालिक मुकेश अंबानी एक चिड़ियाघर बनाने जा रहे हैं। अंबानी अपने गृह राज्य गुजरात में यह चिड़ियाघर बनाने जा रहे हैं। यह दुनिया के सबसे बड़े चिड़ियाघर में से एक होगा। गुजरात में ही उनका समूह सबसे बड़े तेल रिफाइनिंग कॉम्प्लैक्स का संचालन करता है।
इस संदर्भ में रिलायंस में कॉरपोरेट अफेयर्स डायरेक्टर परिमल नाथवानी ने कहा कि, साल 2023 में यह चिड़ियाघर खुलने की उम्मीद है। इसमें स्थानीय सरकार की मदद करने के लिए एक रेस्कयू सेंटर भी शामिल होगा। रिलायंस के एक प्रतिनिधि ने प्रोजेक्ट की कीमत या दूसरी डिटेल्स बताने से इनकार कर दिया।
अंबानियों की नेटवर्क लगभग 80 अरब डॉलर है। मुकेश अंबानी का साम्राज्य कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। टेलीकॉम जगत से लेकर ई-कॉमर्स तक रिलायंस ने कई सालों से जलवा बिखेर रखा है। यहां तक कि आईपीएल में वे मुंबई इंडियंस टीम के मालिक भी हैं। दुनिया का सबसे बड़ा चिड़ियाघर बनाने का यह ड्रीम प्रोजेक्ट मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी का है। इसे ग्रींस जूलॉजिकल रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन किंग्डम के नाम से बुलाया जाएगा।
जामनगर में बनने वाला यह चिड़ियाघर 250 एकड़ की जमीन में फैला होगा, जहां कई तरीके के जानवर पाए जाएंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा इस चिड़ियाघर के मास्टर प्लान के साथ डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी सब्मिट कर दी गई है और फरवरी 2019 में इसे सेंट्रल जू अथॉरिटी की 33वीं बैठक में अप्रूव भी कर दिया गया था।
चिड़ियाघर में जिन जानवरों को रखा जाएगा उनमें से कुछ के नाम भी सामने आए हैं। जू में अफ्रीकी शेर, चीता, जगुआर, इंडियन वुल्फ, एशियाई शेर, हिप्पो, फिशिंग कैट, स्लॉथ बियर, बंगाल टाइगर, गोरिल्ला, जेब्रा, जीराफ, अफ्रीकी हाथी, कोमोडो ड्रैगन आदि है।
इसके अलावा, दुनियाभर के विभिन्न प्रकार के पक्षी भी जू में पाए जाएंगे। चिड़ियाघर को हिस्सों में बांटा जाएगा, जिसे फ्रॉग हाउस, ड्रैगनंस लैंड, एकुअटिक किंग्डम, इंडियन डेजर्ट आदि कहा जाएगा। इसके अलावा, चिड़ियाघर में बनने वाला फ्रॉग हाउस में तकरीबन 200 विभिन्न प्रजाति के मेंढक होंगे तो 350 तरीके की मछलियां भी पाई जाएंगी।