राहुल रक्षा मामले की एक भी बैठक में नहीं हुए शामिल, लेकिन सशस्त्र बल पर उठा रहे हैं सवाल : नड्डा

Summary :

बीजेपी अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने रक्षा मामले पर स्थायी समिति की एक भी बैठक में शिरकत नहीं की लेकिन लगातार सशस्त्र बल पर सवाल उठा रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक बार फिर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि कांग्रेस नेता चीनी घुसपैठ के मुद्दे पर लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच बीजेपी अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने रक्षा मामले पर स्थायी समिति की एक भी बैठक में शिरकत नहीं की लेकिन लगातार सशस्त्र बल पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का ताल्लुक उस परम्परा से जहां रक्षा के लिए समिति नहीं बल्कि ‘कमीशन’ मायने रखता है।

भाजपा अध्यक्ष ने ट्वीट कर कहा, “राहुल गांधी रक्षा पर स्थायी समिति की एक भी बैठक में शामिल नहीं होते हैं लेकिन दुख की बात है कि वह लगातार अपने बयानों से राष्ट्र का मनोबल गिरा रहे हैं, हमारे सशस्त्र बलों की वीरता पर सवाल उठा रहे हैं और वह सब कुछ कर रहे हैं जो एक जिम्मेदार विपक्षी नेता को नहीं करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी उस गौरवशाली वंश परंपरा से संबंध रखते हैं जहां रक्षा से जुड़ी समितियां मायने नहीं रखतीं केवल कमीशन मायने रखता है। कांग्रेस के कई योग्य सदस्य हैं जो संसदीय मामलों को समझते हैं लेकिन एक राजवंश ऐसे नेताओं को कभी बढ़ने नहीं देगा। यह वास्तव में दुखद है।”

बता दें कि चीन मुद्दे को लेकर राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि लद्दाखवासी चीनी घुसपैठ के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं और सरकार को उनकी सुननी चाहिए क्योंकि यदि उनकी बात को नजरअंदाज किया गया तो देश को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। वहीं शुक्रवार को एक वीडियो ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा था कि लद्दाखी कह रहे हैं चीन ने हमारी जमीन ले ली। प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि किसी ने हमारी जमीन नहीं ली। साफतौर पर कोई तो झूठ बोल रहा है।

कानपुर मुठभेड़ : गैंगेस्टर विकास दुबे की तलाश जारी, उन्नाव टोल प्लाजा पर लगाए गए पोस्टर

Desk Team