रायपुर : कर्नाटक में भाजपा की जीत के बाद छत्तीसगढ़ में भी भाजपा कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। एकात्म परिसर में कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशे के साथ नाचते हुए जश्न मनाया और एक दूसरे का मुंह मीठा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री रमन सिंह भी वहां पहुंचे। रमन िसंह ने जीत के बाद कांग्रेस पर एक के बाद एक बड़े हमले किये। उन्होंने कहा कि सिर्फ कर्नाटक नहीं देश के लिए तस्वीर साफ हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपाध्यक्ष अमित शाह की जोड़ी पर देश ने विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने कांग्रेस को नकार दिया है। 2019 की स्थिति साफ है, कांग्रेस देश के सिर्फ 6 प्रतिशत राज्य में सिमट कर रह गई है। कांग्रेस का अस्तित्व खत्म होते जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और कर्नाटक में भाजपा के सीएम फेस येदियुरप्पा को बधाई दी। वहीं ईवीएम के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी को बचाने के लिए ईवीएम पर दोष मढ़ती है और इस बार भी लगता है कांग्रेस वही ईवीएम का रोना रोएगी।
23 राज्य में नही बचा पाए, कांग्रेस अब क्या बचा पाएगी। राहुल गांधी जहां जहां गए, वहां कांग्रेस का बंटाधार हुआ है और अब छत्तीसगढ़ की बारी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ आने से हमें फायदा है, हम चाहते है राहुल गांधी यही रह जाएं इससे कांग्रेस का जल्दी बंटाधार होगा। वहीं कांग्रेस की विकास खोजो यात्रा पर उन्होंने कहा कि हम लोगो को कांग्रेस खोजो यात्रा निकालनी होगी। कांग्रेस को ढूंढने के लिए जगह-जगह दौरा करना पड़ेगा। रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस सिमटते सिमटते पीपीपी यानि पंजाब, पुडुचेरी और परिवार में सिमित रह गई है। एक प्रकार से देश की आवाम ने कांग्रेस को रिजेक्ट किया है।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।