देश में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमित मरीजों में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी हो रही है। रोजाना लगभग 80 हजार से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। इस बीच, दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत अब दूसरे नंबर पर आ गया है। ब्राजील को भारत ने पछाड़ दिया है। अब भारत से आगे सिर्फ अमेरिका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों की माने तो फिलहाल देश में संक्रमितों की संख्या 40,90,690 से अधिक पहुंच गई है तो वहीं अब तक 70,500 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। दूसरी ओर ब्राजील की बात करें तो यहां पर कोरोना संक्रमितों की संख्या 40,91,801 है और करीब 1,25,500 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। वहीं दुनियाभर में सबसे अधिक मामले अमेरिका में है, जहां संक्रमितों की संख्या 62 लाख से भी अधिक है और करीब 1.88 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 70,072 मरीजों के ठीक होने के साथ देश में संक्रमण से उबर चुके मरीजों की संख्या 31,07,223 हो गयी है। इस तरह देश में स्वस्थ होने की दर 77.23 प्रतिशत हो गयी है। मंत्रालय ने कहा कि ‘जांच, संक्रमित का पता लगाने, उपचार’ की रणनीति से ये नतीजे हासिल हुए हैं।
कोविड-19 के मामले में मृत्यु दर भी घटकर 1.73 प्रतिशत हो गयी है। मंत्रालय ने कहा कि ठीक होने वाले 60 प्रतिशत मरीज पांच राज्यों के थे। स्वस्थ हुए कुल मरीजों में महाराष्ट्र के 21 प्रतिशत, तमिलनाडु के 12.63 प्रतिशत, आंध्रप्रदेश के 11.91 प्रतिशत, कर्नाटक के 8.82 प्रतिशत और उत्तरप्रदेश के 6.14 प्रतिशत मामले हैं।