देश के पहले राष्ट्रपति डा. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने उनको श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सादा जीवन और उच्च विचार के सिद्धांत पर आधारित उनका जीवन देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम और संविधान निर्माण में अतुलनीय भूमिका निभाई।
राष्ट्रपति सचिवालय ने नायडू को उद्धृत करते हुए एक ट्वीट में कहा, ‘‘ पूर्व राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। वह निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले और स्वप्नदर्शी नेता थे जिन्होंने भारत की राजनीति को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह अपनी सादगी और दूसरों के प्रति करुणा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।’’
देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद जी की जन्म जयंती के अवसर पर उनकी पुण्य स्मृति को सादर नमन करता हूं। संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में तथा राष्ट्रपति के रूप में उन्होंने जिन संवैधानिक मर्यादाओं को स्थापित किया, उनका पालन करना भारत के हर नागरिक का कर्तव्य है। pic.twitter.com/8as35egxBx
— Vice President of India (@VPSecretariat) December 3, 2020
प्रसाद का जन्म 1884 में बिहार में हुआ था और वह महात्मा गांधी के बेहद करीबी सहयोगी थे। आजादी के बाद वह भारत के पहले राष्ट्रपति बने। उन्होंने संविधान सभा का भी नेतृत्व किया था। वहीं वह देश के एकमात्र ऐसे राष्ट्रपति हैं जिनका कार्यकाल एक बार से ज्यादा का रहा। वह राष्ट्रपति के पद पर 1950-62 के बीच आसीन रहे।