नयी दिल्ली : लोक जनशक्ति पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान ने गायक अदनान सामी को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने के केंद्र सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि गायक ने अपनी प्रतिभा से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है।गौरतलब हो कि गायक अदनान सामी को इस गणतंत्र दिवस पर पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
जहां एक और कुछ विपक्षी नेता सरकार के इस फैसले की आलोचना कर रहे हैं तो वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के नेता ने इस फैसले की निंदा किए जाने को गलत ठहराते हुए कहा, ‘‘सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, उन्हें 2016 में भारतीय नागरिकता दी गई थी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने (अदनान सामी) अपनी प्रतिभा से भारत की प्रतिष्ठा और सम्मान बढ़ाया है। मैं पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर उन्हें बधाई देता हूं।’’ पासवान ने कहा, ‘‘प्रसिद्ध गायक को पुरस्कार दिए जाने का विरोध करने वालों को भारतीय नागरिकता कानून की जानकारी नहीं है। भारतीय नागरिकता का धर्म से कोई संबंध नहीं है। नागरिकता कानून की आवश्यक शर्तों को पूरा करने वाला हर व्यक्ति भारतीय नागरिक बन सकता है।’’