कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार की नजर में आंदोलनकारी किसान ‘खालिस्तानी’ और पूंजीपति उसके ‘सबसे अच्छे दोस्त’ हैं। वहीं कांग्रेस नेता के इस बयान पर शिवसेना सांसद संजय राउत ने अपना समर्थन दिया है और कहा कि राहुल गांधी जी ने जो बात कही है वो देश की भावना है।
संजय राउत ने कहा कि “राहुल गांधी जी ने जो बात कही है वो देश की भावना है। जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाएगा उसे आप देशद्रोही बोलेंगे। किसानों को आप देशद्रोही, पाकिस्तान और चीन के साथ साठगांठ है बोलेंगे। कल हम कुछ बोलेंगे तो हमें भी देशद्रोही बोलेंगे।”

गौरतलब है कि राहुल ने ट्वीट कर कहा कि , ‘‘मोदी सरकार के लिए विरोध करने वाले छात्र राष्ट्र विरोधी हैं, चिंतित नागरिक अर्बन नक्सल हैं, प्रवासी मजदूर कोरोना फैलाने वाले हैं, बलात्कार की पीड़िता कुछ नहीं हैं और आंदोलनकारी किसान खालिस्तानी हैं। पूंजीपति उसके सबसे अच्छे दोस्त हैं।’’
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के निकट कई स्थानों पर किसान संगठन पिछले करीब तीन सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे हैं। वे इन कानूनों को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। सरकार के साथ किसान संगठनों की कई दौर की बातचीत बेनतीजा रही है।


Download Android App
Download iOS App



