केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने चीन में कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर भारत आने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिये देश के 21 हवाईअड्डों पर ‘थर्मल जांच’ शुरु कर दी है। इस बीच मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को अनावश्यक रूप से चीन की यात्रा करने से बचने का परामर्श भी जारी किया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव संजीवा कुमार ने आज ही सभी राज्यों के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये एक बैठक की। इसमें उन्होंने कोरोना वायरस से बचाव और हालात को नियंत्रण में रखने के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की।
भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा को मिली जान से मारने की धमकी, आया अज्ञात नंबर से कॉल
मंत्रालय ने गुरुवार को 21 हवाईअड्डों की सूची जारी करते हुये बताया कि चीन से सीधी विमान सेवा वाले भारतीय हवाईअड्डों के अलावा उन हवाईअड्डों को भी थर्मल जांच के दायरे में लाया गया है जो चीन से कनेक्टिंग उड़ान सेवा से जुड़े हैं। इनमें दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के अलावा हैदराबाद, कोचीन, बेंगलुरु, अहमदाबाद, अमृतसर, कोयंबटूर, गुवाहाटी, गया, बागडोगरा, जयपुर, लखनऊ, तिरुवनंतपुरम, तिरुचि, वाराणसी, विजाग, भुवनेश्वर और गोवा शामिल हैं।
मंत्रालय ने एक परामर्श भी जारी किया है। इसमें कोरोना वायरस के चीन में संक्रमण से उपजे खतरे को देखते हुये देशवासियों को परामर्श दिया गया है कि चीन की गैरजरूरी यात्रा करने से बचा जाये। मंत्रालय ने कहा कि चीन से आने वाले प्रत्येक यात्री के स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि भारत में अब तक कोरोना वायरस के संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। चीन से भारत आने वाले 33 हजार से अधिक यात्रियों की विभिन्न हवाईअड्डों पर जांच की जा चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



