भारत विश्व के अन्य देशों के मुकाबले महामारी कोरोना से सबसे बेहतर तरीके से लड़ रहा है। देश अब धीरे-धीरे कोरोना के प्रकोप को रोकने की दिशा में अग्रिम स्थान पर है। बावजूद इसके भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 73 लाख से ज्यादा पहूंच गया है। वहीं वायरस की चपेट में आए लोगों में से 1.12 लाख लोगों की मौत हो चुकी है।
शुक्रवार को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के 63 हज़ार 371 नए मरीज सामने आए हैं। वहीं वायरस से संक्रमित हुए 895 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी 64 लाख से ज्यादा है।
विश्व में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 3 करोड़ 88 लाख के पार, 1 लाख 97 हजार से अधिक की मौत
देश में इस समय कुल 8,04,528 एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस की संख्या 2 सितंबर के बाद सबसे कम है। रिकवरी रेट में हुई थोड़ी बढ़ोतरी के बाद ठीक होने वालों का प्रतिशत 87.56 पर पहुंच गया है। पॉजिटिविटी रेट 6.16 फीसदी है। डेथ रेट 1.52 प्रतिशत है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक गुरुवार को कोविड-19 के लिए 10,28,622 सैंपल्स का टैस्ट किया गया। 15 अक्टूबर तक देश में कुल 9,22,54,927 सैंपल्स का टैस्ट किया गया।
गौरतलब है कि अमेरिका के बाद भारत दूसरा सबसे ज्यादा टेस्ट करने वाला देश है, हालांकि भारत की आबादी को देखते हुए प्रति 10 लाख टैस्ट के हिसाब से टेस्ट की संख्या अभी भी बहुत कम है। भारत दुनिया में ऐसा सिर्फ दूसरा देश है, जहां 70 लाख से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं। अब तक सबसे ज्यादा कोरोना मामले अमेरिका में सामने आए हैं। भारत और अमेरिका में अब करीब 6 लाख से कम मामलों का अंतर बचा है।