राजस्थान के मौजूदा घटनाक्रम के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराते हुए बीजेपी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कांग्रेस पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर युवा नेताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
उमा भारती ने कहा, ‘राजस्थान संकट केवल राहुल गांधी और उनके खानदान की वजह से है क्योंकि वो इतना अपमान करते हैं लोगों का, उन्हें नीचा दिखाते है। खुद काम करना नहीं चाहते, खुद मेहनत करना नहीं चाहते हैं और उनके साथ हीं हीं करने वाले लोग ही सरकार में रहे ये चाहते हैं।
पायलट का गहलोत के खिलाफ बगावती सुर बरकरार, मनाने में जुटा कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व
तेजस्वी, युवा, बुद्धिमान को वो बर्दाश्त ही नहीं करते। आपने उनकी इतनी बेइज्जती की उनके सामने कोई रास्ता ही नहीं बचा ये टकराव करने का।’ उन्होंने कहा, जब तक राहुल गांधी खानदान के लोग कांग्रेस में रहेंगे तब तक कांग्रेस पाताल लोक में चली जाएगी।
उमा भारती ने कहा कि सचिन पायलट एक स्वाभिमानी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वो राजेश पायलट के बेटे हैं। राजेश मेरे भाई जैसे थे। हमारे उनके साथ बड़े आत्मीय संबंध थे। इसलिए मुझे पता है कि वो कितने स्वाभिमानी परिवार से हैं। कैसे वो जी पाया होगा इतने सालों से, मैं जानती हूं कितना अपमान होता है कांग्रेस में।
गौरतलब है कि कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व की तरफ से राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को मनाने की निरंतर कोशिशों के बावजूद वह मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ अपना बगावती तेवर बरकरार रखे हुए हैं। राजस्थान में सत्तारूढ कांग्रेस में चल रहे सियासी घमासान के बीच कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व उपमुख्यमंत्री को मनाने में जुटा हुआ है।