जम्मू & कश्मीर के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे आ जाने के कारण कश्मीर में जबर्दस्त शीत लहर का प्रकोप जारी है। वहीं मौसम विभाग ने इस सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इस वर्ष सर्दी में कश्मीर में मौसम अत्यधिक शुष्क और ठंड है जिसके कारण बच्चों और बुजुर्ग लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पेश आ रही हैं।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र में करगिल शहर में कल रात तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गयी लेकिन न्यूनतम तापमान अभी भी शून्य से 17 डिग्री सेल्सियस नीचे है।
उन्होंने बताया कि करगिल राज्य में सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है। नजदीकी लेह शहर दूसरा सबसे ठंडा स्थान है और यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान कल रात शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
दक्षिण कश्मीर के काजीकुंड में कल रात तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि कोकेरनाग में शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तर कश्मीर में कुपवाड़ा का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया ।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।