देश में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच इस वायरस से निपटने के लिए केंद्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर सरकार के सचिवालय में मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में भी मास्क लगाना जरूरी कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।सामान्य नागरिक प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा जारी आदेश के अनुसार कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एहतियात के तौर पर सचिवालय में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आंगुतकों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
अवर सचिव (जीएडी) रोहित शर्मा ने कहा, ‘‘ उसी के अनुसार सभी प्रशासनिक सचिवों को मास्क खरीदने के लिए अधिकृत किया गया है ताकि सचिवालय में उनके विभाग के हर कर्मचारी को पुन: उपयोग में आने वाले तीन मास्क दिये जा सकें। इस मद मे आने वाले व्यय को कार्यालय व्यय की मद से वहन जाएगा।’’
लेह के जिलाधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने आम प्रशासन को और सरकारी अधिकारियों (सैन्य एवं असैन्य दोनों) को सार्वजनिक रूप से अनिवार्य मास्क पहनने का आदेश दिया। उन्होंने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत प्रदत्त अधिकारों के तहत जारी अपने आदेश में कहा कि उल्लंघन करने वाले के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।