महाराष्ट्र में कोरना के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा की जा रही तमाम कोशिशों के बावजूद संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सोमवार को राज्य में कोरोना के 2,553 नए मामलों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 88,528 तक पहुंच गया है। वहीं 109 और लोगों की मौत होने के बाद राज्य में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 3,169 तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिन में 1661 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई जिससे इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या 40,975 हो गई है। वहीं, राज्य के सबसे ज्यादा प्रभावित शहर मुंबई में बीते 24 घंटे में कोरोना के 1311 नए मामलों की पुष्टि हुई है, साथ ही शहर में बीते 24 घंटे में कोरोना से 64 लोगों की मौत हो गई है।
इस बीच, आज करीबी 75 दिनों के बाद देश के कई हिस्सों में मॉल, मंदिर, और दफ्तर खुल गए हैं। लेकिन लोगों की संख्या सीमित रही और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। देश में तेजी से बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच मॉल, प्रार्थना स्थल और दफ्तर तो खोल दिए गए लेकिन क्या करना और क्या नहीं करना है, इसकी एक सूची है जिसमें साफ- सफाई, शरीर के तापमान की जांच, स्वच्छता टनल, टोकनों के आधार पर प्रवेश और मंदिर में प्रसाद नहीं दिया जाना शामिल है।
हालांकि इन प्रतिष्ठानों को निषिद्ध क्षेत्र के बाहर के इलाकों में खोला गया है। देश में 25 मार्च से लॉकडाउन लागू था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, कोरोना वायरस के मामले 2.56 लाख से ज्यादा हो गए हैं और 7100 लोगों से अधिक लोगों की मौत हुई।
बताते चले कि देशभर में कोरोना वायरस के मामाले कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। बता दें, दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत पांचवे पायदान पर पहुंच गया है। वहीं देशभर में संक्रमितों की संख्या 2,56,611 तक पहुंच गई है और 7,200 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। वहीं इस वायरस से देशभर में अब तक कुल 1,24,430 लोग ठीक हो चुके हैं।