महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,007 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 85,975 हो गई।
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि राज्य में संक्रमण के कारण 91 और लोगों की मौत हो जाने के बाद राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 3,060 हो गई है। अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले चीन के मामलों से भी अधिक हो गए हैं। चीन में संक्रमण के 83,036 मामलों की पुष्टि हुई है।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के 85,975 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 39,314 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, 3,060 लोगों की मौत हुई है और 43,591 लोगों का इलाज चल रहा है। राज्य में 5,51,647 नमूनों की जांच की गई है।
वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में शनिवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 9887 नये मरीज सामने आये और 294 मरीजों ने दम तोड़ दिया जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 6,642 हो गई है। देश में अब इस संक्रमण के मामले दो लाख 36 हजार 657 हो गये जबकि मृतकों की संख्या 6642 हो गयी।
देश में लगातार तीसरे दिन नौ हजार से अधिक नये मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में एक लाख 15 हजार 942 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है जबकि एक लाख 14 हजार 72 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जिनमें से 4,611 मरीज पिछले 24 घंटे में ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक 48.20 फीसदी मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।’’ संक्रमण के मामलों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।