मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से बुधवार को यहां पहुंचीं और मुंबई पुलिस को लेकर उनके बयान के कारण शिवसेना कार्यकर्ताओं ने यहां हवाईअड्डे पर उनका विरोध किया। एयरपोर्ट पर बवाल बढ़ता देखकर कंगना को सुरक्षित रास्ते से एस्कॉर्ट किया गया।
कंगना चंडीगढ़ से विमान के जरिए दोपहर करीब ढाई बजे मुंबई पहुंचीं। काले झंडे लिए शिवसेना कार्यकर्ताओं को हवाईअड्डे के बाहर देखा गया। कार्यकर्ताओं ने रनौत के खिलाफ नारेबाजी की।
वहीं , आरपीआई (ए) और करणी सेना के कार्यकर्ता भी रनौत के समर्थन में एकत्र हुए। आरपीआई (ए) के नेता एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने घोषणा की थी कि रनौत के मुंबई आने पर उनके पार्टी कार्यकर्ता उनकी सुरक्षा करेंगे।
मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के बारे में रनौत के एक हालिया बयान से विवाद खड़ा हो गया है। रनौत ने दावा किया था कि वह मुंबई में असुक्षित महसूस करती हैं। इसके बाद शिवसेना के नेता संजय राउत ने रनौत से मुंबई वापस नहीं आने को कहा था। राउत के इस बयान के बाद रनौत ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से की थी।