अभिनेत्री पायल घोष ने फिल्मकार अनुराग कश्यप के खिलाफ वसोर्वा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई है। एफआईआर में कश्यप के खिलाफ आरोपों में दुष्कर्म, गलत इरादे से रोकने और महिला का अपमान करना शामिल है। पायल के वकील नितिन सतपुते ने बुधवार तड़के अपने असत्यापित ट्विटर अकाउंट पर जारी एक बयान में प्राथमिकी का विवरण साझा किया। एफआईआर मंगलवार देर रात दर्ज की गई।
सतपुते ने पोस्ट में लिखा, “पायल घोष की एफआईआर अंतत: दर्ज की गई, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, गलत बर्ताव, गलत इरादे से रोकना और महिला का अपमान करने पर आईपीसी के तहत यू / एस 376 (1), 354, 341, 342 सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।”
पायल ने अपने सत्यापित ट्विटर अकाउंट पर शनिवार को कश्यप के खिलाफ आधिकारिक रूप से मीटू आरोप लगाए थे। आरोप लगाने के एक दिन बाद उन्होंने दावा किया कि कश्यप ने साल 2014 में उनके सामने अपने कपड़े उतारे और उनसे छेड़छाड़ करने की कोशिश की।
बता दें कि फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप ने अभिनेत्री पायल घोष द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों का सोमवार को खंडन किया था और कहा कि वह कानून का सहारा लेंगे। कश्यप ने अपने वकील के जरिए एक वक्तव्य जारी कर यह भी कहा कि ‘मीटू’ जैसे महत्वपूर्ण आंदोलन को उन लोगों ने भी अपना लिया है जिनके अपने निजी स्वार्थ हैं और इस वजह से यह ‘‘चरित्र हनन’’ का उपकरण मात्र रह गया है।
शनिवार को घोष ने ट्विटर पर दावा किया कि कश्यप ने उनका यौन उत्पीड़न किया था। कश्यप ने इस आरोप को निराधार बताया था और कहा था कि यह उन्हें चुप कराने के लिए किया जा रहा है। गौरतलब है कि कश्यप की पूर्व पत्नियां आरती बजाज और कल्कि किचलिन उनके समर्थन में खड़ी हैं। कश्यप की वकील प्रियंका खिमानी ने सोमवार को कहा, ‘‘मेरे मुवक्किल अनुराग कश्यप को अपने ऊपर लगे यौन शोषण के झूठे आरोपों से गहरा दुख पहुंचा है। ये आरोप पूरी तरह गलत और दुर्भावना से परिपूर्ण हैं।’’