एअर इंडिया एक्सप्रेस ने शनिवार को बताया कि उसके विमान के शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण प्रभावित हुए यात्रियों और उनके परिजन की सहायता के लिए केरल के कोझिकोड तक तीन राहत उड़ानों का प्रबंध किया गया है। उसने बताया कि एअर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंधक निदेशक राजीव बंसल और एअर इंडिया एक्सप्रेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के. श्याम सुंदर पहले ही कोझिकोड पहुंच चुके हैं।
बी737 द्वारा दुबई से संचालित उड़ान संख्या आईएक्स1344 कोझिकोड में शुक्रवार शाम सात बजकर 41 मिनट पर हवाईपट्टी से फिसल गई थी। विमान में 10 नवजात शिशुओं समेत 184 यात्री, दो पायलट और चालक दल के चार सदस्य थे। इस हादसे में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है। विमानन कंपनी ने बताया कि सभी यात्रियों और उनके परिजन को मानवीय सहायता मुहैया कराने के लिए मुंबई से एक और दिल्ली से दो विशेष राहत उड़ानों की व्यवस्था की गई है।
उसने एक बयान में कहा, ‘‘आपात प्रतिक्रिया निदेशक आपातकाल में प्रभावी प्रतिक्रिया के लिए कालीकट (कोझिकोड), मुंबई, दिल्ली और दुबई में एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर रहे हैं।’’ कंपनी ने कहा, ‘‘एएआईबी (विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो), डीजीसीए (नागर विमानन महानिदेशालय) और उड़ान सुरक्षा विभाग के अधिकारी हादसे की जांच के लिए पहुंच चुके हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी शनिवार को कोझिकोड पहुचेंगे। कंपनी ने बताया कि उसके परिचालन प्रमुख और उड़ान सुरक्षा प्रमुख पहले ही कोझिकोड पहुंच चुके हैं। उसने बताया कि हादसे में दो पायलटों समेत 17 लोगों की मौत हो गई। कंपनी ने कहा, ‘‘चालक दल के चार सदस्यों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है।’’
विमान निर्माता बोइंग ने एक बयान में कहा, ‘‘हम भारत के कालीकट में कोझिकोड अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (कारीपुर हवाईअड्डे) से मीडिया में आ रही खबरों से अवगत हैं।’’ उसने कहा, ‘‘हम और जानकारी एकत्र कर रहे हैं और हालात पर करीब से नजर रख रहे हैं। हमने सहायता मुहैया कराने के लिए अपने ग्राहकों से संपर्क किया है।’’


Download Android App
Download iOS App



