मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज हर घर तिरंगा अभियान के संबंध में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से कहा कि हारे और जीते सभी प्रत्याशी एक साथ आकर दलों से ऊपर उठकर तिरंगा
फहराएं।
श्री चौहान इन जनप्रतिनिधियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हर पंचायत में हारे और जीते सभी प्रतिनिधि एक हो जाएं, दल और धर्म से ऊपर उठकर हर घर तिरंगा फहराएं। सभी एक हो जाएं। यह राष्ट्र के सम्मान और गौरव का कार्य है।
हर घर तिरंगा अभियान में कोई घर न छूटे
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव की स्वच्छता सुनिश्चित करें। गांव की आंगनवाड़ ठीक चलें और हर एक बच्चे को पोषण आहार मिले।
उन्होंने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक‘हर घर तिरंगा अभियान’और 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह मनाया जायेगा। हर घर तिरंगा अभियान में कोई घर न छूटे। यह भारत माता के प्रति हमारी भक्ति का प्रकटीकरण है। देश के लिए कुछ भी कर गुजरने के भाव का प्रकटीकरण है। सभी दलगत राजनीति और धर्म से ऊपर उठकर इस अभियान को सफल बनायें। इस धरती का कर्ज सब पर है। सभी भेदभाव भूल कर एक हो जायें।