केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से 2 दिन की गुजरात यात्रा पर रहेंगे। सोमवार को अमित शाह ने अहमदाबाद के पंडित दीन दयाल उपाध्याय सेंटर में वैक्सीनेशन का जायज़ा लिया। अमित शाह का टीकाकरण केन्द्रों पर जाने का मकसद लोगों को गुजरात सरकार के बड़े टीकाकरण अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि इतनी बड़ी आबादी वाले देश में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले सभी नागरिकों को निशुल्क वैक्सीन लगाना एक बहुत बड़ा निर्णय है। आज योग दिवस के दिन इसकी देशभर में शुरुआत हो रही है। अब हम बहुत तेजी से लगभग सभी को टीका देने के लक्ष्य के आसपास पहुंच जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जुलाई और अगस्त में वैक्सीन लगाने की रफ्तार को बढ़ाने का भी आयोजन भारत सरकार ने किया है। कोरोना से नागरिकों को बचाने के लिए भारत सरकार के इस निर्णय से सभी को राहत मिलेगी। केन्द्रीय गृह मंत्री ने सभी लोगों से अपील की है कि सभी नागरिक टीका जरूर लगवाएं और समय पर दूसरा टीका भी लगवा लीजिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में वैष्णो देवी पुल और गांधीनगर खोदियार पुल का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में वैष्णो देवी पुल और गांधीनगर खोदियार पुल का उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी मौजूद रहे।