देवभूमि उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी के संगठन में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। बीजेपी आलाकमान ने उत्तराखंड इकाई में बड़ा फेरबदल किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तराखंड में बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे महेंद भट्ट को उत्तराखंड बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। महेंद्र भट्ट से पहले उत्तराखडं बीजेपी की कमान हरिद्वार से विधायक रहे मदन कौशिक के पास थी। बीजेपी अध्यक्ष जे.पी.नड्डा के आदेश के बाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने उनका नियुक्ति पत्र जारी किया।
दरअसल, पार्टी की राज्य इकाई में बदलाव के सुर पिछले काफी दिनों से तेज़ हो गए थे। पहले मदन कौशिक, फिर खजान दास और उसके बाद महेंद्र भट्ट के दिल्ली दौरे के बाद से ये कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द संगठन में बड़े स्तर का बदलाव होने संभव है। अब ख़बरें ये सामने आ रही है कि महेंद्र भट्ट के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद भूतपूर्व पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक को राज्य सरकार में कोई अहम जगह मिल सकती है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि महेंद्र भट्ट ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरआत 1991 में की थी। उन्होंने 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री और विभाग संगठन मंत्री के पद पर काम किया। 2002 में उत्तराखंड बनने के बाद उत्तरांचल प्रदेश युवामोर्चा का पहला प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने 32 साल की उम्र में पहली बार नंदप्रयाग सीट से चुनाव लड़ा और 2002 से 2007 तक विधायक रहे। भट्ट 2007 से 2014 तक उत्तराखंड बीजेपी संगठन के कई पदों पर रहे. 2017 के विधानसभा चुनाव में बदरीनाथ विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बने।