भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक बिनॉय भूषण ने बुधवार को यहां राजभवन में त्रिपुरा विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष के रूप में शपथ ग्रहण की। पाणिसागर विधानसभा क्षेत्र के विधायक दास को राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने मुख्यमंत्री माणिक साहा और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों की मौजूदगी में विधानसभा के अस्थाई अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई। दास ने बताया कि 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा के नए सदस्य बृहस्पतिवार और शुक्रवार को शपथ ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि वह विधानसभा के नए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चयन तक सदन की कार्यवाही संचालित करेंगे।
माणिक साहा ने 8 मार्च को दूसरी बार मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ
त्रिपुरा विधानसभा का अगला सत्र 24 मार्च से शुरू होगा। इस संक्षिप्त सत्र के दौरान सदन में अंतरिम बजट पेश किया जाएगा, क्योंकि विधानसभा चुनावों के कारण वित्त वर्ष 2023-24 के लिए पूर्ण बजट तैयार नहीं किया जा सका था। भाजपा नेता माणिक साहा (70) ने आठ मार्च को दूसरी बार त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। साहा के साथ रतनलाल नाथ, प्राणजीत सिंघा रॉय, सांतना चकमा, बिकाश देबबर्मा और सुक्ला चरण नोएटिया सहित आठ विधायकों ने मंत्री मद की शपथ ग्रहण की थी।
हाल ही में संपन्न हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 60 सीटों में से 32 पर जीत दर्ज की थी, जबकि उसकी सहयोगी इंडिजीनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (आईपीएफटी) को एक सीट हासिल हुई थी। क्षेत्रीय पार्टी टिपरा मोथा ने 13 सीटों पर और माकपा-कांग्रेस गठबंधन ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की थी।