भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई आज राज्य सरकार के खिलाफ घंटानाद आंदोलन का आगाज करेगी। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि पार्टी सभी जिला मुख्यालयों पर घंटानाद आंदोलन करेगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता शंख, घंटा और घड़ियाल जैसी चीजें लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे और वचनों से मुकरी सरकार को जगाने का प्रयास करेंगे।
राजधानी भोपाल में आंदोलन की अगुवाई पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह स्वयं करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा में आंदोलन में शामिल होंगे। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव जबलपुर में इस आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। इंदौर में ये आंदोलन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, ग्वालियर में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह और सागर में पार्टी उपाध्यक्ष प्रभात झा के नेतृत्व में होगा।