भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी दलों के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हैं। बावनकुले अपने सहयोगी किरण पाटिल के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल करने के बीच संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
राज्य के लोगों को लगेगा झटका
बावनकुले ने दावा किया, ‘‘भाजपा कई नेताओं के साथ बातचीत कर रही है। वर्तमान (एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस) सरकार की नीतियों के कारण विपक्षी दलों के कई लोग भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। कुछ नामों से राज्य के लोगों को झटका लगेगा।’’ उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा के दौरान करीब 1,500 कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए क्योंकि विपक्षी दल में नेतृत्व की कमी है। प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी के साथ शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) के गठबंधन पर प्रदेश भाजपा प्रमुख ने कहा कि उद्धव ठाकरे अपनी पार्टी को संभालने में असमर्थ हैं, इसलिए इस तरह के समझौते कर रहे हैं।