तेलंगाना में भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के अध्यक्ष के जेल जाने के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीएम चंद्रशेखर राव पर निशाना साधा है। चौहान ने कहा है कि, केसीआर हरे हुए है इसलिए उन्होंने भाजपा के तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष को जेल में डाल दिया है। सीएम शिवराज आज हैदराबाद स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में तेलंगाना सरकार की नीतियों के विरुद्ध आयोजित सभा में उद्बोधन दे रहे थे। उन्होंने कहा, भाजपा के अध्यक्ष को जेल में डाल दिया। एक कायर आदमी ही विरोध करने वाले को जेल में डाल देता है। जब श्रीकृष्ण का जन्म जेल में हुआ तो कंस भी डर गया था।
कांग्रेस बेशर्मी की सारी हदें पार कर रही है : सीएम शिवराज
मध्य प्रदेश के सीएम ने कहा कि, जब तक तेलंगाना सरकार को गिराकर धूल में नहीं मिलाएंगे, तब तक चैन की साँस नहीं लेंगे। चौहान ने कहा कि, जब भाजपा कहती थी कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे‘, तो विरोधी कहते थे, कि तारीख नहीं बताएंगे। आज सभी देख रहे हैं कि अयोध्या में श्रीराम लला का भव्य मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा तो वर्षों से अन्याय के खिलाफ लड़ रही है, केसीआर से भी लड़ेगी। उन्होंने कहा, विपक्ष मैदान में मुकाबला नहीं कर पाता, पंजाब में जो घटना हुई है, भारत के इतिहास में वो कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री थे और कांग्रेस की सरकार केंद्र में थी। उन्होंने स्वयं का संदर्भ देते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिका में कहा था कि भारत का प्रधानमंत्री कभी अंडरअचीवर नहीं हो सकता, लेकिन कांग्रेस बेशर्मी की सारी हदें पार कर रही है।
भाजपा तेलंगाना को एक आदर्श राज्य बनाकर ही दम लेगी : चौहान
सीएम चौहान ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री से सवाल किया कि, उन्होंने राज्य की जनता को कितने वचन दिए थे। क्या कोई वचन आज तक पूरा हुआ। मुख्यमंत्री वचन नहीं निभाते और जनता मांग करती है तो उनको कुचल दिया जाता है। भाजपा तेलंगाना को एक आदर्श राज्य बनाकर ही दम लेगी। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली, सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण हो रहा है, लेकिन कांग्रेस की घटिया मानसिकता ने उनकी जिंदगी को पंजाब में संकट में डालने का पाप किया।