केरल विमान हादसा : राज्य सरकार ने मृतकों के परिजन के लिए दस लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान

Summary :

केरल सरकार ने यहां के कारीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान के उतरते समय हादसे का शिकार होने के बाद मृतकों के परिजन को शनिवार को दस लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।

कोझिकोड (केरल): केरल सरकार ने यहां के कारीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान के उतरते समय हादसे का शिकार होने के बाद मृतकों के परिजन को शनिवार को दस लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की। 
मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने यहां उच्च स्तरीय बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि करीब 18 लोगों की मौत हो गई और 149 का मलप्पुरम एवं कोझिकोड जिले के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बैठक में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने भी हिस्सा लिया। 
विजयन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राज्य सरकार ने मृतकों के परिजन को दस लाख रुपये बतौर मुआवजा देने का निर्णय किया है। जिन लोगों का उपचार चल रहा है उनका चिकित्सा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।’’ मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन 18 लोगों की मौत हुई है, उनमें 14 वयस्क हैं और चार बच्चे हैं। 
विजयन ने कहा, ‘‘14 वयस्कों में सात पुरुष और अन्य महिलाएं हैं। वर्तमान में मलप्पुरम और कोझिकोड जिले के विभिन्न अस्पतालों में 149 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें 23 की हालत गंभीर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इससे पहले 23 लोगों को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।’’ 

Ujjwal Jain