भारत में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश के लगभग सभी राज्यों में वायरस का संक्रमण फैल चकुा है। वायरस से संक्रमितों की संख्या सबसे ज्यादा महाराष्ट्र से है। महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को महाराष्ट्र में कोरोना के 67 नए मामले सामने आए हैं। 67 नए लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि होने के साथ ही राज्य में कुल मामले बढ़कर 490 हो गए है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इन 67 नए मरीजों में 43 मुंबई से हैं, जबकि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) से 10 मामले सामने आये हैं। पुणे से 9 और अहमदनगर जिले से 3 मामले सामने आये हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, वाशिम और रत्नागिरी में भी शुक्रवार को एक-एक व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
बयान में कहा गया है कि शुक्रवार को कोविड-19 से 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें मुंबई से 2 लोग थे, जबकि ठाणे के वसई-विरार, बदलापुर में एक-एक व्यक्ति की मौत इस महामारी से हुई। जलगांव और पुणे में भी एक-एक व्यक्ति की मौत कोविड-19 से हुई है।
बताते चले कि देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में अबतक कुल 2,547 लोग इस वायरस की चपेट आ चुके हैं जबकि 62 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस वायरस से अबतक कुल 163 लोग ठीक भी हो चुके हैं।