कोरोना वायरस का प्रकोप देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। देश के करीब 29 राज्यों में कोरोना वायरस फैल चुका है। इसबीच, मध्यप्रदेश में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच चुका है। प्रदेश में वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या कुल 107 हो चुकी है। वहीं, 8 लोगों की वायरस के कारण मौत हो चुकी है।
प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज इंदौर से है। इंदौर में अबतक कुल 82 लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सचिव पल्लवी जैन गोविल ने बताया कि, राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 107 हो गई है। वहीं, दो और मरीजों की मौत होने से मरने वाले मरीजों की संख्या आठ पर पहुंच गई है। एक मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने आगे बताया कि, राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 30 मरीजों की स्थिति में सुधार आया है, उन्हें जल्दी ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। राज्य में बीते 24 घंटों में 21 मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार की शाम तक कोरोना पॉजिटिव की संख्या 86 थी। बता दें, बीते दिन भोपाल में चार जमातियों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था।
बताते चले कि देश में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में अबतक कुल 2,069 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित है जबकि 53 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 156 लोग इस वायरस से ठीक भी हो चुके हैं।