मसूरी : महिला कांग्रेस ने गांधी चौक पर उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी के बीच उन्नाव कांड के विरोध में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। महिला कांग्रेस के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाएं गांधी चौक पर एकत्र होकर पालिका सभासद जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर कौर के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई घटना के विरोध में जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका।
इस मौके पर महिलाओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पुतला दहन के बाद जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जसबीर कौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा का वादा किया था लेकिन अब तो अपराध चरम पर पहुंच गये हैं। भाजपा के विधायक ने ही उन्नाव महिला से बालात्कार किया, जो बडे़ शर्म की बात है।
वहीं महिला को मरवाने के लिए ट्रक से मरवाने का प्रयास किया, इससे बड़ी गुडागर्दी का और क्या उदाहरण हो सकता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उन्होंने उन्नाव की पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की मांग की। इस मौके पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जसबीर कौर के साथ ही रूबीना अंजुम, रंजीता राणा, भारती, किरन, विमला, अंजला रावत, पार्वती, सुलोचना, संगीता आदि मौजूद रहे।