महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर एक बार फिर मध्य प्रदेश कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नाथूराम गोडसे को पहला आतंकवादी बताया। उनके इस बयान पर भोपाल से BJP सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा देशभक्तों के साथ दुर्व्यवहार किया है।
दिग्विजय सिंह ने गोडसे को हिंदुस्तान का पहला आतंकी बताया था। जिसके जवाब में प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार को कहा, कांग्रेस हमेशा से देशभक्तों के साथ दुर्व्यवहार करती रही है। कांग्रेस पार्टी ने ‘भगवा आतंक’ कहा इससे बुरा और क्या हो सकता है।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को ‘देशभक्त’ करार दिया था। प्रज्ञा सिंह ठाकुर के इस कथित बयान की कांग्रेस ने घोर निंदा की थी। हाल में ही हिंदू महासभा ने ग्वालियर में महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की ज्ञानशाला खोली थी, जिसे जिला प्रशासन के दखल के बाद बंद कर दिया गया।