मुंबई में कोरोना नियमों और नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने के मामले में टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और सिंगर गुरु रंधावा के साथ हिरासत में लिया गया, हालांकि बाद में उन्हें बेल पर रिहा भी कर दिया गया। रैना ने ‘अनजाने’ में हुई इस ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ घटना पर अफसोस जताया है।
पूर्व क्रिकेटर की प्रबंधन टीम द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि 34 साल के रैना को घटना के वक्त स्थानीय समय सीमा (क्लब खुला रहने की) और दूसरे नियमों की जानकारी नहीं थी। बयान के मुताबिक, ‘‘सुरेश एक शूट के लिए मुंबई में थे, जो देर तक चला था। उनके एक मित्र ने उन्हें दिल्ली रवाना होने से पहले डिनर के लिए आमंत्रित किया था। उन्हें स्थानीय समय सीमा और नियमों की जानकारी नहीं थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस बारे में बताए जाने के बाद उन्होंने (रैना) तुरंत अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं का अनुपालन किया और अनजाने में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर अफसोस जताया।’’ बयान में कहा गया, ‘‘रैना हमेशा पूरे सम्मान के साथ नियम और कानून का पालन करते है और भविष्य में भी ऐसा करना जारी रखेंगे।’’
मुंबई पुलिस ने एक क्लब में रेड डाली, जिसमें करीब 34 लोग पार्टी कर रहे थे। रैना और गुरु रंधावा को मुंबई पुलिस द्वारा अरेस्ट भी कर लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुजैन खान भी इन 34 लोगों में शामिल थीं। इन सभी पर कोरोना वायरस प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक यह रेड ड्रैगन फ्लाइ क्लब में पड़ी, जो कि मुंबई एयरपोर्ट के पास स्थित होटल मैरिएट में है। इस क्लब में हाइ प्रोफाइल पार्टी चल रही थी, जिसमें रैना के अलावा बॉलीवुड के भी कुछ जाने-माने चेहरे शामिल थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरु रंधावा, सुजैन खान और सिंगर बादशाह भी इस पार्टी में मौजूद थे।
मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक रेड पड़ने के बाद कई सितारे क्लब के पीछे के दरवाजे से भाग निकले। बता दें कि मुंबई पुलिस ने सभी पर धारा 188 और महामारी ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया है।