भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ पर भाजपा संगठन को चुनौती देने का आरोप लगाते हुए आज पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वह इस उपचुनाव में जीत हासिल कर मुंहतोड़ जवाब दें। विष्णुदत्त शर्मा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा संगठन को चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील है कि इसका मुंहतोड़ जवाब हमें हर बूथ पर चुनाव जीतकर देना है। उन्होंने कहा कि इन उपचुनावों में हमें एक ऐतिहासिक जीत हासिल करनी है। उन्होंने प्रदेश की जनता से अनुरोध किया है कि मध्यप्रदेश को बचाने के लिए, गरीब कल्याण के लिए एवं एक स्वर्णिम मध्यप्रदेश के लिए आगामी 3 नवंबर को होने वाले 28 उपचुनावों में भाजपा को अपना आशीर्वाद दें और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक मजबूत सरकार बनाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं को बंद करके मध्यप्रदेश की उन्नति के लिए आईफा मॉडल को चुना था। इसके साथ ही विष्णुदत्त शर्मा ने कमलनाथ पर नारी शक्ति का अपमान किए जाने का आरोप लगया और कहा कि इसकी सारे देश, महिला आयोग व चुनाव आयोग ने इसकी निंदा की। लेकिन दंभ और अहंकार से भरे कमलनाथ ने इस पर मांफी मांगना भी उचित नहीं समझा, उल्टा चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के निर्णय को वह उनकी आवात्र दबाना बता रहे हैं।
विष्णुदत्त शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के विधायक आरिफ मसूद ने आतंकवाद के समर्थन में भोपाल में प्रदर्शन किया, आगामी उपचुनाव की दृष्टि से ध्रुवीकरण की कोशिश की। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की सहमति से यह हुआ और अगर नहीं, तो अभी तक अपने विधायक के खिलाफ कोई कार्यवाही क्यों नहीं की।