गुजरात में छह नगर निगमों अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर के चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी अहमदाबाद में मतदान किया। मतदान केंद्र के बाहर आने के बाद गृह मंत्री शाह बोले कि मतदाता गुजरात को भाजपा के गढ़ के रूप में स्थापित करेंगे।
अहमदाबाद में पत्नी और बेटे जय शाह के साथ मतदान करने पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने वोट डालने के बाद विक्ट्री साइन दिखाया। गुजरात में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे इन चुनावों को सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है।
छह नगर निगमों के विभिन्न वार्डों में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जिसके तुरंत बाद लोग मतदान केंद्रों के बाहर कतार में दिखाई दिए। मतदान शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। सुबह के समय विभिन्न बूथों पर बुजुर्ग मतदाताओं को भी देखा गया, जहां लोग मास्क और सैनिटाइटर के उपयोग और सामाजिक दूरी बनाए रखने सहित कोविड-19 रोकथाम मानदंडों का पालन करते दिखे।
छह नगर निगमों में कुल 2,276 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा, जूनागढ़ नगर निगम में दो सीटों पर उपचुनाव के लिए नौ उम्मीदवार भी मैदान में हैं। चुनाव लड़ने वालों में भाजपा से 577, कांग्रेस से 566, आप से 470, राकांपा से 91, अन्य दलों से 353 और 228 निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 1.14 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 60.60 लाख पुरुष और 54.06 लाख महिलाएं शामिल हैं। 11,121 मतदान केंद्रों में से 2,255 को संवेदनशील और 1,188 को अति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किया गया है। मतगणना 23 फरवरी को होगी।