देहरादून : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की एक पोस्ट फेसबुक पर वायरल हो रही है। जिसने उत्तराखंड कांग्रेस में एक बार फिर हलचल मचा दी है। अपने सोशल मीडिया के माध्यम से अक्सर हरीश रावत फेसबुक और ट्विटर के माध्यम से भी प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और विपक्षियों पर वार करते रहे हैं। किंतु रविवार को लिखी गई उनकी लंबी चौड़ी पोस्ट कुछ अलग अंदाज़ वाली थी।
उन्होंने लिखा है- हां, समय आ गया है। सक्रिय राजनीति में बने रहना कोई सामान्य निर्णय नहीं होता है। यदि आप 70 वर्ष की लक्ष्मण रेखा को पार चुके हैं तो। इस रेखा से आगे बढ़कर सक्रिय राजनीति करना सामान्य निर्णय नहीं है। हरीश रावत की पोस्ट को उनके समर्थक इसे सीधे प्रदेश कांग्रेस द्वारा की जा रही उनकी उपेक्षा से जोड़कर देख रहे हैं। पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट कहना है कि कुछ तो है जो हरीश रावत को ठीक नहीं लगा।
इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि हरीश रावत उत्तराखंड में कांग्रेस का एक बड़ा चेहरा हैं। उनका अपनी पोस्ट में लिखना कि बालिका बधु की तरह कांग्रेस में आया था अब घर की दादी मां हूं, बहुत कुछ कह जाता है। वह ग्राम सभा प्रधान से लेकर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहने के साथ ही पार्टी में भी युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष से लेकर रार्ष्टीय महासचिव तक रह चुके हैं। उनके सियासी कद का विपक्षी भी लोहा मानते हैं।