हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई 19 वर्षीय दलित लड़की के परिजनों से मुलाकात करने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को नोएडा एक्सप्रेस-वे पर हिरसत में लिया गया। राहुल और प्रियंका को हिरासत में लिए जाने पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला किया है।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री और राकांपा के नेता अनिल देशमुख ने संवाददाताओं से कहा कि परिवार को सांत्वना देने के लिए वहां जा रहे किसी भी राजनीतिक दल के नेता को नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे आश्चर्य हो रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पार्टी के एक वरिष्ठ नेता को परिजन से नहीं मिलने दिया। यह बहुत गंभीर मुद्दा है।’’
यूपी पुलिस के ADG का बड़ा दावा – हाथरस की घटना में लड़की से नहीं हुआ बलात्कार, गलत बयानी की गई
राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने भी उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। दरअसल, गैंगरेप की शिकार लड़की के परिजन से मिलने हाथरस जाने के दौरान पुलिस ने कांग्रेस के काफिले को रोक लिया। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा ग्रेटर नोएडा में रोके जाने के बाद कांग्रेस नेता पैदल ही हाथरस की ओर बढ़ गए। जिसके बाद राहुल और प्रियंका को हिरासत में ले लिया गया।