कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री गुरमुख सिंह बाली का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 67 वर्षीय बाली ने नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में अंतिम सांस ली। गुरमुख सिंह बाली लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
बाली के निधन की खबर उनके बेटे रघुबीर सिंह बाली ने शनिवार सुबह फेसबुक पर एक पोस्ट के जरिए दी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता के निधन से प्रदेश पार्टी में शोक की लहर है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने बाली के निधन पर दुख जताया।
उन्होंने बताया कि बाली की पार्थिव देह को हिमाचल लाया जाएगा जहां जनता उनके अंतिम दर्शन कर सकेगी। बाली का जन्म 27 जुलाई 1954 को कांगड़ा में हुआ था। वह प्रदेश के खाद्य आपूर्ति, परिवहन एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री रह चुके थे।