सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को रविवार रात एक लड़की का वीडियो कॉल आय़ा, जिसमें लड़की निःवस्त्र होती नजर आई। इसके बाद दो अनजान नंबरों से रविवार शाम अश्लील फोटो और मैसेज भेज गए हैं। पुलिस ने अज्ञात फोन नंबरों के खिलाफ FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पूरा मामला
मध्यप्रदेश के भोपाल से भारतीय जनता पार्टी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा उनके मोबाइल फोन में अश्लील मैसेज भेजने के मामले में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सुश्री ठाकुर द्वारा कल टी टी नगर थाने में इस मामले की शिकायत दर्ज करायी गयी। शिकायत में उनका आरोप है कि उनके मोबाइल फोन में किसी अज्ञात नंबर से अश्लील मैसेज भेजा गया है। पुलिस ने द्वारा इस मामले प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस का कहना है कि इस मामले में साइबर सेल की भी मदद ली जाएगी।
आरोपियों की तलाश
सांसद की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354, 507 और 509 पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है। टीटी नगर टीआई चेन सिंह रघुवंशी ने बताया कि अज्ञात फोन नंबरों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। नंबरों का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लेंगे।
कांग्रेस विधायक के साथ भी हो चुका है ऐसा
बता दें कि इन दिनों सोशल मीडिया पर व्हाट्सएप कॉल कर वीडियो क्लीपिंग चलाकर लोगों को ब्लैकमेल करने वाला गिरोह सक्रिय है। छतरपुर जिले के कांग्रेस विधायक नीरज दीक्षित के साथ भी ऐसा मामला हो चुका है। हालांकि पुलिस इन मामलो की तहकीकात कर रही है लेकिन रोजाना इस तरह के केस सामने आ रहे हैं। आम लोगों के साथ अब जनप्रतिनिधियों को भी यह गिरोह निशाना बनाने लगा है