भारत बंद: मुंबई में कई ट्रेनें रोकी गईं, ठाणे में कोई असर नहीं

Summary :

प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए और राष्ट्रीय ध्वज लहराया। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने वहां से हटा दिया और हिरासत में ले लिया।

संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ कुछ संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के तहत कांजुरमार्ग स्टेशन पर पटरियों पर विरोध प्रदर्शन के कारण बुधवार सुबह मुंबई में मध्य रेलवे (सीआर) की उपनगरीय रेल सेवाएं कुछ हद तक प्रभावित हुईं। पुलिस ने बताया कि कम से कम 100 प्रदर्शनकारी सुबह आठ बजे रेलवे स्टेशन की पटरियों पर जमा हो गए और सीएसएमटी की ओर जाने वाली धीमी गति की कई ट्रेनों को रोक दिया। 
प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए और राष्ट्रीय ध्वज लहराया। बाद में प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने वहां से हटा दिया और हिरासत में ले लिया। एक अधिकारी ने बताया कि व्यवधान के कारण सीआर लाइन पर ट्रेनें 10-15 मिनट देरी से चल रही हैं। सीआर के मुख्य पीआरओ शिवाजी सुतार ने कहा, ‘‘हम लोगों से अनुरोध करते हैं कि वे ट्रेनों को न रोकें और उपनगरीय ट्रेनों के सुगम संचालन के लिए हमारा सहयोग करें।’’ 

बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भाजपा में हुई शामिल, दिल्ली विधानसभा चुनाव में करेंगी प्रचार

बहुजन क्रांति मोर्चा सहित कई संगठनों ने हाल ही में पारित सीएए और प्रस्तावित एनआरसी के विरोध में भारत बंद का आह्वान किया है। इस बीच, ठाणे शहर और आसपास के क्षेत्रों में बंद का कोई असर नहीं देखा गया। पुलिस नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने कहा कि ठाणे में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं और दुकानें और शैक्षणिक संस्थान खुले हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। 

Desk Team