जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाले हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल का गुरुवार को विस्तार किया गया। मंत्रिमंडल में तीन नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सुबह 11 बजे राजभवन में तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्रियों के तौर पर पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया और घुमारवीं के विधायक राजिंदर गर्ग को शामिल किया गया। कार्यक्रम में कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन किया गया।
सुखराम और राजिंदर गर्ग ने हिंदी में शपथ ली जबकि पठानिया ने अंग्रेजी में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नये मंत्रियों के साथ पीटरहॉफ में मीडिया से संवाद करेंगे। तीनों विधायक पहली बार सरकार में मंत्री बने हैं।
इनमें राकेश पठानिया पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल सरकार में प्रदेश पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं सुखराम चौधरी पूर्व में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं। राजिंदर गर्ग पहली बार चुनाव जीत कर आये और मंत्री बनने में कामयाब रहे।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सुरेश कश्यप सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। तीनों मंत्रियों के विभागों का फैसला दोहपर 12 बजे होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में होगा। इस बैठक में कई मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किये जाने की भी सम्भावना है।
मंत्रिमंडल में भरे गये तीन पद मंडी से विधायक अनिल शर्मा के गत वर्ष अप्रैल में ऊर्जा मंत्री, विधायक किशन कपूर के कांगड़ा लोकसभा चुनाव जीतने के बाद मई में नागरिक आपूर्ति मंत्री के पद तथा स्वास्थय मंत्री विपिन सिंह परमार के तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल के इस्तीफे के बाद विधानसभा अध्यक्ष बनने के कारण रिक्त हुये थे।