झारखंड विधानसभा की सभी 81 सीटों के लिए सोमवार को हो रही मतगणना में मिल रहे रुझानों के बाद झाविमो के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि जो रुझान आ रहे हैं, उन्हें उससे अधिक की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो चार सीटों पर आगे चल रही है। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री रह चुके बाबूलाल मरांडी ने कहा, “जनादेश को हम स्वीकार करेंगे। अभी जो रुझान आ रहा है, वह प्रारंभिक है। हमें इससे ज्यादा की उम्मीद है।”
मतगणना के रुझानों के अनुसार सरकार गठन में छोटे दल किंगमेकर की भूमिका में आ सकते हैं। ऐसे में मरांडी किस तरफ जाएंगे? उन्होंने कहा, “इस बारे में कहना अभी जल्दबाजी होगी। चुनावी नतीजे आने के बाद तय करेंगे कि कहां जाना है।” झाविमो के अध्यक्ष मरांडी राजधनवार सीट से आगे चल रहे हैं। शुरुआती रुझानों में सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक झामुमो गठबंधन बहुमत के करीब 40 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि भाजपा 28 सीटों पर आगे चल रही है।
शिवसेना का BJP पर वार, कहा- जब सत्ता में थी, तब किसानों का पूरा ऋण क्यों माफ नहीं किया
उल्लेखनीय है कि रुझानों में सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस, झामुमो, राजद महागठबंधन में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। ऐसे में भाजपा और झामुमो गठबंधन को सरकार बनाने के लिए छोटे दलों की मदद की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में सूत्रों का कहना है कि दोनों छोटे दलों से संपर्क साधने में जुट गए हैं।
इस बीच, रांची में कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर और रांची स्थित हेमंत सोरेने के आवास के बाहर जश्न मनाने का दौर प्रारंभ हो गया है। दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। इस बीच कांग्रेस प्रभारी आऱ पी़ एऩ सिंह रांची प्रदेश कार्यालय पहुंच गए हैं।