कंगना रनौत के मुंबई पहुंचने से पहले बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। बता दें, शिवसेना सांसद संजय राउत से शुरू हुई जुबानी जंग के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। संजय राउत की मुंबई न आने की नसीहत पर कंगना ने मुंबई आने का ओपन चैंलेंज किया है।
कंगना राउत की नसीहत पर चैलेंज करते हुए 9 सितम्बर को मुंबई आ रही है। 9 सितंबर को जब कंगना मुंबई पहुंचेंगी, उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा मिल जाएगी। उनकी सुरक्षा में 11 जवान तैनात रहेंगे। इसमें एक या दो कमांडो और बाकी पुलिसकर्मी होंगे। बीते दिनों संजय राउत ने अभिनेत्री के लिए कहा था कि अगर उन्हें मुंबई में डर लगता है तो वह मुंबई न आएं। जिसके बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर खुली चुनौती दी थी कि वह नौ सितंबर को मुंबई आएंगी, जिसकी हिम्मत हो तो रोक ले।
वाई श्रेणी की सुरक्षा मिलने पर अभिनेत्री ने ट्वीट करते हुए देश के गृह मंत्री अमित शाह का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि ‘यह प्रमाण है की अब किसी देशभक्त आवाज को कोई फासीवादी नहीं कुचल सकेगा, मैं अमित शाह जी की आभारी हूं। वह चाहते तो हालातों के चलते मुझे कुछ दिन बाद मुंबई जाने की सलाह देते मगर उन्होंने भारत की एक बेटी के वचनों का मान रखा, हमारे स्वाभिमान और आत्मसम्मान की लाज रखी, जय हिंद।
सुशांत मामले में लगातार बॉलीवुड और ड्रग्स के मुद्दे पर खुलकर बोल रही कंगना रनौत कुछ राजनैतिक पार्टियों से भी उलझ गई हैं। दरअसल, संजय राउत और कंगना के बीच जुबानी जंग तब तेज हुई जब कंगना ने कहा था कि सुशांत की मौत के बाद उन्हें मुंबई में असुरक्षित महसूस होता है।
कंगना रनौत ने हाल ही में मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिसके बाद उन्हें शिवसेना नेताओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा था। उनके खिलाफ शिवसेना समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन तक किया था।