पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी को ‘‘आग से नहीं खेलने’’ की सलाह देते हुए गुरुवार को कहा कि जब तक संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को वापस नहीं लिया जाता, तब तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रहेंगे। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने शहर में आयोजित प्रदर्शन रैली में बीजेपी पर अपने वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने मंगलुरु में सीएए के खिलाफ प्रदर्शन में पुलिस गोलीबारी में मारे गए दो लोगों के परिवारों के लिए मुआवजा रोकने संबंधी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के बयान का भी जिक्र किया। येदियुरप्पा ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा था कि यदि जांच में 19 दिसंबर को प्रदर्शनों में हुई हिंसा में दोनों लोगों की संलिप्तता साबित होती है तो उनके परिवारों को एक भी रुपया नहीं दिया जाएगा।
मेरठ में CAA के विरोध प्रदर्शन दौरान लोगों ने पुलिस पर चलाई थीं गोलियां, यूपी पुलिस ने जारी किया CCTV फुटेज
बनर्जी ने छात्रों से प्रदर्शन जारी रखने को कहा। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि वह हमेशा उनकी समर्थन में रहेंगी। बनर्जी ने कहा, ‘‘किसी से डरे नहीं। मैं बीजेपी को आगाह कर रही हूं कि वह आग से नहीं खेले।’’ मध्य कोलकाता में राजाबाजार से मलिक बाजार तक विरोध मार्च का नेतृत्व कर रहीं बनर्जी ने आरोप लगाया कि सीएए के खिलाफ बोल रहे छात्रों को बीजेपी डरा रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सीएए और एनआरसी का विरोध कर रहे जामिया मिल्लिया इस्लामिया, आईआईटी कानपुर और अन्य विश्वविद्यालयों के छात्रों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हैं। ’’


Download Android App
Download iOS App



