महाराष्ट्र के ठाणे में एक महिला से विवाद के बाद एक चौकीदार ने उसके सात साल के बच्चे का स्कूल से अपहरण कर उसकी हत्या कर दी है। बच्चे की मां को उस शख्स पर शक हुआ जिसके बाद मामले में आरोपी ने पुलिस को बताया के उसका बच्चे की मां के साथ प्रेम सबंध था। उसने बच्चे को इसलिए मारा क्योंकि महिला ने उससे दूरी बना ली थी। जिसके बाद उसने बदला लेने के लिए महिला के बच्चे की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को छानबीन के दौरान मिले अहम साबूत
खड़कपाड़ा पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक एस एस सुरवासे ने बताया कि आरोपी नितिन कांबले ने सोमवार को कल्याण कस्बे में बच्चे का उसके स्कूल से अपहरण कर लिया। उन्होंने बताया कि जब बच्चा घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने तलाश शुरू की और एक आवास परिसर के स्वीमिंग पूल में उन्हें बच्चे का शव मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और बच्चे की मां के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन बाद में महिला ने आरोपी से दूरी बना ली, जिसके कारण उनका झगड़ा हुआ। अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने महिला से बदला लेने के लिए कथित तौर पर बच्चे का अपहरण किया और उसे हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के स्वीमिंग पूल में डुबा कर मार डाला, जहां वह पहले काम करता था। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। बाद में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि वह अक्सर बच्चे को स्कूल से लाता था।