महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक पुनर्वास केंद्र में दो महिलाओं ने मानसिक रूप से अशक्त 32 वर्षीय महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना सोमवार को कल्याण क्षेत्र में स्थित पुनर्वास केंद्र में हुई जिसके बाद आरोपियों ईशा पांडे और विशाखा कोठारी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और दोनों की उम्र 19-19 साल है।
कल्याण पुलिस तालुका थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पता चला कि आरोपियों ने इस अपराध को इसलिए अंजाम दिया क्योंकि उनका मानना था कि अगर वे उसकी हत्या कर देंगी तो वे पुनर्वास केंद्र से भाग सकती हैं। पीड़िता की पहचान किशोरी सावंत के तौर पर हुई है।
सावंत के माता पिता ने मानसिक रूप से अशक्त लोगों के लिये बने इस पुनर्वास केंद्र में उसे कुछ समय पहले भर्ती कराया था।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने सोमवार को कथित रूप से सावंत का गला घोंटा जिसके बाद उसे कल्याण में सरकारी रुक्मिणीबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।
प्राथमिकी के अनुसार अंतिम संस्कार के बाद सावंत के परिवार वाले पुनर्वास केंद्र गये जहां उन्हें पता चला कि दो महिलाओं ने कथित रूप से उसका गला घोंटा है, जिसके बाद उसकी मौत हुई। उसके परिजनों ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज करायी जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।