उत्तराखंड में चुनाव प्रचार पूरे जोरों पर है। सभी पार्टियां अपने स्टार प्रचारकों को अपने क्षेत्रों में बुलाकर जनता को अपने पक्ष में मतदान को प्रेरित कर रहीं। इस समय ऊधमसिंह नगर में भाजपा की तरफ से सांसद, भोजपुरी कलाकार मनोज तिवारी मौजूद हैं। वहीं दूसरी ओर शनिवार को राहुल गांधी भी किच्छा में पहुंच चुके हैं। वह किसानों को संबोधित कर रहे हैं। ऊधमसिंह नगर कुमाऊं की तराई बेल्ट है। यहां सर्वाधिक किसान वोट हैं। अभी खत्म हुए किसान आंदोलन की तासीर गर्म है, जिसे कांग्रेस भुनाना चाहती है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नहीं है, बल्कि एक राजा है
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन पर कोविड-19 महामारी के बीच किसानों को एक साल के लिए सड़क पर छोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी ऐसा कभी नहीं करेगी।
आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले यहां किच्छा में एक डिजिटल रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नहीं है, बल्कि एक राजा है, जो अपना निर्णय लेते समय जनता से चुप रहने की उम्मीद करता है। गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, मजदूरों या गरीबों के लिए अपने दरवाजे बंद नहीं करेगी और वह उनके साथ साझेदारी चाहती है।
किसानों ने हिंदुस्तान की सरकार को दिखाई सच्चाई
राहुल गांधी ने कहा कि मैं किसानों को बधाई देना चाहता हूं कि तीन कानूनों के खिलाफ आप पहाड़ जैसे खड़े रहे। एक इंच हिले नहीं और एक कदम पीछे नहीं गए। आपने हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह बताना बहुत जरूरी था। कहा कि आप सिर्फ देश को भोजन नहीं देते, रास्ता भी दिखाते हो। सालों से यह क्रम जारी है। अंग्रेजों से लड़ाई बड़े उद्योगपतियों ने नहीं लड़ी थी। किसानों और मजदूरों ने लड़ी थी।
कहा कि मनमोहन सिंह का समय गोल्डन पीरियड था क्योंकि उस समय किसानों और सरकार के बीच पार्टनरशिप थी। सरकार के दरवाजे खुले थे। जो आपके दिल में था, वह कह सकते थे। यूपीए सरकार के दौरान हमने किसानों की मांग पर 10 दिन में 70 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया था। हमारी मंशा आपके साथ पार्टनरशिप करने की है। जिससे कि आपको लगे कि यह आपकी सरकार है। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैं गारंटी दे सकता हूं कि जो नरेंद्र मोदी ने किसानों के साथ किया। कांग्रेस पार्टी मर जाएगी, खत्म हो जाएगी, लेकिन ये कभी नहीं करेगी।
जसपुर से लेकर मुनस्यारी तक बनेगी कांग्रेस की सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि हरित क्रांति के जरिए पंत विश्वविद्यालय ने पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति, हरित क्रांति और दुग्ध क्रांति आदि की जनक इंदिरा गांधी थीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जसपुर से लेकर मुनस्यारी तक कांग्रेस की सरकार बनेगी और विभिन्न तरीकों से राहुल गांधी का बखान किया।
ऊधमसिंह नगर में सर्वाधिक किसान वोट
राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरे। यहां से वह किच्छा के लिए रवाना हुए। यहां से राहुल जनसभा स्थल पहुंचे। किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुशील राठी और ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने राहुल गांधी का फूल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। ऊधमसिंह नगर कुमाऊं की तराई बेल्ट है। यहां सर्वाधिक किसान वोट हैं।
करीब एक लाख 40 हजार लोग जुड़े
महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी ने दावा किया है कि 70 विधानसभा क्षेत्रों में करीब एक लाख 40 हजार लोग इस कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं।