मध्य प्रदेश के इंदौर से ममता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने अपने 15 दिन के बच्चे को बेच दिया। इतना ही नहीं बच्चे के सौदे से मिली कीमत से उसने अपने लिए फ्रिज, टीवी, कूलर और वाशिंग मशीन खरीद ली। हैरानी वाली बात है कि आरोपी मां ने पति की सहमति से ये सौदा किया।
घटना इंदौर शहर के हीरा नगर की है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मां की पहचान शायना-बी नाम की महिला के रूप में हुई। शायना बी ने पुलिस को बताया कि उसके पति को बच्चे को लेकर शक था। महिला ने कहा, ‘मेरा पति अबॉर्शन कराना चाहता था, लेकिन समय ज्यादा हो गया था तो हमने दलालों के माध्यम से बच्चे को बेचने का प्लान बनाया और बच्चे को देवास के एक दंपती को बेच दिया।’
पुलिस ने बताया कि बच्चे को लीना नाम की एक महिला ने खरीदा था। लीना ने बताया कि हाल ही में उसके दो बच्चों की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसने साढ़े पांच लाख में बच्चा खरीद लिया। वहीं शायना बी ने सौदे से मिली रकम से टीवी, फ्रिज, कूलर और वॉशिंग मशीन जैसे सामान खरीद लिए थे। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है।
पुलिस को सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से इस घटना की जानकरी मिली। जिसके बाद आरोपी मां शायनाबी समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें एक नाबालिग भी है। आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है और दो फिलहाल फरार हैं।