मुंबई : यहां धारावी झुग्गी बस्ती में एक खुले नाले में गिरने से सात वर्षीय एक बालक की सोमवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि राजीव गांधी कॉलोनी में अमित मुन्नालाल जायसवाल नाले में गिर गया। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और खुले नाले से बालक को बाहर निकाला। अधिकारी ने बताया कि बालक को सायन अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उपनगरीय गोरेगांव में बुधवार की रात को एक खुले नाले में 18 महीने का एक बालक दिव्यांश गिर गया था। डिंडोशी पुलिस ने जल निकासी के निगरानी कार्य में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए (लापरवाही के कारण मौत होने) के तहत सोमवार को एक आपराधिक मामला दर्ज किया।
एक सप्ताह में हुई इस तरह की यह तीसरी घटना है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को वर्ली के पास ‘कोस्टल रोड’ के निर्माण के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से 12 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई थी। शुक्रवार को वर्ली सी लिंक के निकट बबलू कुमार पासवान नामक बालक गड्ढे में गिर गया था।