असम विधानसभा चुनाव प्रचार के मद्देनजर राजनीतिक दलों की ताबड़तोड़ रैलियों का दौर जारी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने धर्मपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केरल में मुस्लिम लीग के साथ हाथ मिलाती है, बंगाल में फुरफुरा शरीफ के साथ हाथ मिलती है और यहां चाय बागान में चुप रहती है, लेकिन निचले इलाके में जाकर बदरुद्दीन का गुणगान करती है।
असम को अगले पांच साल में बाढ़ से मुक्त किया जाएगा
नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी बोलते हैं कि असम की पहचान बदरुद्दीन अजमल है। असम की पहचान हैं तो भूपेन हजारिका हैं। असम की पहचान हैं तो श्रीमन शंकरदेव जी हैं। भाजपा के वादों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि असम को अगले पांच साल में बाढ़ से मुक्त किया जाएगा। असम में अरुणोदय योजना के अंतर्गत 30 लाख महिलाओं को 3 हजार रुपये देने का काम करेंगे।
स्वरोजगार के लिए असम को सबसे बड़ा केंद्र बनाएंगे
उन्होंने कहा कि हम स्वरोजगार के लिए असम को सबसे बड़ा केंद्र बनाएंगे। इसके लिए स्वामी विवेकानंद असम यूथ एम्प्लॉयमेंट योजना के अंतर्गत 2 लाख युवाओं को स्वरोजगार के योग्य बनाएंगे। ये हमारा संकल्प है। हम असम के गांवों को आत्मनिर्भर बनाएंगे। यहां खेती, पॉल्ट्री सहित हर प्रकार के व्यवसायों को बढ़ाने का काम भाजपा की सरकार करेगी।
50 साल से असम बोडो आंदोलन की आग में जल रहा था
नड्डा ने कहा कि 50 साल से असम बोडो आंदोलन की आग में जल रहा था। इस आंदोलन में हजारों लोगों की जान गई, हजारों घर उजड़ गए। मोदी जी ने इच्छा शक्ति दिखाई, गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने उसको रूप दिया और 50 साल का बोडो आंदोलन, बोडो समझौते में परिवर्तित हो गया।
श्रीमंत शंकर देव जी के जन्मस्थान के विकास के लिए 188 करोड़ रुपये भारत सरकार ने दिए
उन्होंने कहा कि श्रीमंत शंकर देव जी के जन्मस्थान के विकास के लिए 188 करोड़ रुपये भारत सरकार ने दिए हैं। असम दर्शन के तहत लगभग 9,000 नामघरों का काम शुरू हो गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में असम में 11,500 किमी सड़कें बनीं, 6 ब्रिज बनें और गोपीनाथ बोरदोलोई एयरपोर्ट, गुवाहाटी पर 1,232 करोड़ रुपये के खर्च से विकास किया जा रहा है।
राहुल जी, आप बताइए गरीबी हटाओ का नारा किसने दिया? गरीबी हटी क्या?
जेपी नड्डा ने कहा कि आज राहुल गांधी का ट्वीट था- जुमलेबाजी और प्रगति में अंतर होता है। राहुल जी, यही तो हम कह रहे हैं कि जुमला तो आपकी दादी, पापा-मम्मी ने किया। आप बताइए गरीबी हटाओ का नारा किसने दिया? गरीबी हटी क्या? जुमला किसका हुआ?
बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि असम की जनता समझ गई है कि ‘जुमलों’ और प्रगति का आपस में कोई संबंध नहीं है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘चाय बाग़ान मज़दूरों समेत करोड़ों दिहाड़ी मज़दूरों के आंसू पोंछने के लिए केंद्र सरकार ने क्या किया? जुमलों और प्रगति का आपस में कोई सम्बंध नहीं है- जनता ये समझ गई है।’’ असम विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को संपन्न हो चुका है। दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल और तीसरे चरण का मतदान छह अप्रैल को होगा।