देहरादून/हरिद्वार : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रविवार को नगर निगम, देहरादून में नव निर्वाचित महापौर सुनील उनियाल गामा के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग किया। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने मेयर व पार्षदगणों को बधाई दी। आयुक्त गढ़वाल शैलेश बगोली ने नव निर्वाचित महापौर श्री सुनील उनियाल गामा को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके उपरान्त महापौर श्री सुनील उनियाल गामा ने सभी वार्डो के पार्षदगणों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। नव निर्वाचित महापौर सुनील उनियाल गामा के स्वागत के लिए देहरादून नगर निगम ने विशेष तैयारियां की हैं। महापौर नए हैं तो उनके कार्यालय से लेकर डाइनिंग रूम को भी पूरी तरह से नया रूप दिया गया है।
यहां तक की दीवारों का रूप व फर्नीचर तक बदल दिया गया है। इस विशेष साज-सज्जा पर निगम प्रशासन ने करीब पांच लाख रुपये खर्च किए हैं। देहरादून नगर निगम के महापौर व पार्षदगणों के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर शहरी विकास मंत्री श्री मदन कौशिक, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत, सांसद डाॅ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विधायक हरबंस कपूर, विनोद चमोली, गणेश जोशी, उमेश शर्मा ‘काऊ’, खजान दास, सहदेव सिंह पुण्डीर, एंग्लो इंडियन विधायक जार्ज आईवान ग्रेगरी मैन आदि उपस्थित थे।
सभी 60 वार्ड उनके परिवार का हिस्सा हो गए
हरिद्वार, वहीं, आज नगर निगम परिसर में रविवार को आयोजित भव्य समारोह में नवनिर्वाचित महापौर अनिता शर्मा और पार्षदों ने शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद महापौर अनिता शर्मा ने नगर निगम मुख्यालय जाकर विधिवत रूप से कार्यभार संभाल लिया। समारोह में पहुंचे जिलाधिकारी दीपक रावत ने सबसे पहले नवनिर्वाचित महापौर अनिता शर्मा को शपथ ग्रहण कराई।
तदुपरांत महापौर अनिता शर्मा ने सभी 60 पार्षदों को शपथ दिलाई। इसके बाद वह अपने कार्यालय में मीडिया से मुखातिब हुई। हरिद्वार नगर निगम की प्रथम महिला महापौर अनिता शर्मा ने कहा कि जब वह पार्षद थी तब सिर्फ उनका वार्ड परिवार का हिस्सा था। लेकिन महापौर बनने के बाद सभी 60 वार्ड उनके परिवार का हिस्सा हो गए हैं।
वह बिना किसी पार्टी के भेदभाव के सभी वार्डों को समान रूप से विकास करने पर ध्यान देंगी। मंच का संचालन नगर आयुक्त ललित नारायण मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विधायक श्री यतीश्वरानंद, नगर आयुक्त श्री ललित नारायण मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट श्रीमती नुपूर वर्मा, एसपी सिटी श्रीमती ममता बोहरा सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
– सुनील, संजय