..क्या डरावने दिन दिखाने के लिए नीतीश ने थामा भाजपा का हाथ : तेजस्वी

Summary :

तेजस्वी ने कहा, हमें ही शर्म आने लगी है आखिर मुख्यमंत्री नीतीश भाजपा की डबल इंजन वाली बुलेट ट्रेन में बैठकर भी इतने सुस्त, लाचार, बेबस और असहाय क्यों है।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के खिलाफ बढ़ते अपराध पर लगाम लगा पाने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए रविवार को पूछा कि क्या प्रदेश को यह डरावने दिन दिखाने के लिए ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हाथ थामा था।

तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा, ‘बिहार में चारो ओर अराजकता का माहौल है। अपहरण, बलात्कार, हत्या, लूट और भीड़ की हिंसा से हाहाकार मचा हुआ है। कानून व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। प्रखंड से लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकारी कार्यालयों में विशेष कर चुकाए बिना पैर भी नहीं रखा जा सकता है।’

बिहार : नीतीश कुमार के बुखार पर तेजस्वी का तंज, जद (यू) को एतराज

नेता प्रतिपक्ष ने सवालिया लहजे में कहा, ‘क्या बिहार को यह डरावने दिन दिखाने के लिए ही नीतीश कुमार दिनदहाड़ भाजपा के साथ भागे थे। यदि मैं गलत था और उन्हें अपने चेहरे पर इतना गुमान था तो विधानसभा भंग कर चुनाव में जाते। मुख्यमंत्री, जनादेश अपमान के एवज में भाजपा के साथ हुई अपनी गुप्त सौदे को सार्वजनिक करें।’

तेजस्वी यादव ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘हमें ही शर्म आने लगी है आखिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा की डबल इंजन वाली बुलेट ट्रेन में बैठकर भी इतने सुस्त, लाचार, बेबस और असहाय क्यों है। ज्ञारह करोड़ बिहारवासियों के जनविश्वास का कत्ल कर भाजपा को सत्ता सौंपने वाला व्यक्ति आखिर इतना लाचार कैसे हो सकता है।’

Desk Team