ममता के ‘गोत्र’ वाले बयान पर ओवैसी का वार- ‘हमारा क्या जो जनेऊधारी नहीं’, गिरिराज सिंह ने भी साधा निशाना

Summary :

ओवैसी ने ट्वीट कर कहा कि ” मेरे जैसे लोगों का क्या होना चाहिए जो ना शांडिल्य हैं और ना ही जनेऊधारी। जो ना तो किसी खास भगवान का भक्त है और ना ही चालीसा या कोई और पाठ करता है।”

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियों के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। वहीं ममता बनर्जी ने मंगलवार को एक नया दांव खेलते हुए जनसभा में अपने गोत्र का खुलासा किया। ममता के गोत्र वाले बयान पर विपक्ष हमलावर हैं। बीजेपी नेताओं के बाद अब एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने भी ममता के इस बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मेरे जैसे लोगों का क्या होना चाहिए जो ना शांडिल्य हैं और ना ही जनेऊधारी।

ओवैसी ने ट्वीट कर कहा कि ” मेरे जैसे लोगों का क्या होना चाहिए जो ना शांडिल्य हैं और ना ही जनेऊधारी। जो ना तो किसी खास भगवान का भक्त है और ना ही चालीसा या कोई और पाठ करता है। हर पार्टी जीतने के लिए हिंदू कार्ड खेलने में लगी है। अनैतिक, अपमानजनक और यह सफल नहीं होने वाला है।” एआईएमआईएम नेता का आरोप है कि चुनाव में हर पार्टी अपना हिंदू चेहरा दिखाने में लगी है।

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “रोहिंग्या को वोट के लिए बसाने वाले, दुर्गा/काली पूजा रोकने वाले, हिंदुओ को अपमानित करने वाले, अब हार के खौफ से गोत्र पर उतर गए। “शांडिल्य गोत्र” सनातन और राष्ट्र के लिए समर्पित है, वोट के लिए नहीं।” उन्होंने आगे कहा कि “ममता दीदी, अब तो पता करना होगा कि रोहिंग्या और घुसपैठियों का भी गोत्र शांडिल्य है क्या?”
बता दें कि नंदीग्राम में ममता ने कहा कि “मैं मंदिर गई थी पुरोहित ने पूछा कि मेरा गोत्र क्या है? मुझे याद आया कि त्रिपुरेश्वरी मंदिर में अपना गोत्र मां माटी मानुष बताया था लेकिन आज जब मुझसे पूछा गया तो मैंने कहा कि मेरा गोत्र शांडिल्य है लेकिन मैं समझती हूं कि मेरा गोत्र मां-माटी-मानुष है।”
बनर्जी ने एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मंगलवार को कहा, ‘‘आप जय सिया राम क्यों नहीं बोलते हो, सीता आपकी तस्वीर से बाहर क्यों हैं। मुकुल उतना खतरनाक नहीं है जितना शुभेंदु है और कम से कम मैं तो यही महसूस करती हूं, मुकुल जहां भी है, अगर वहां खुश हैं तो मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘ मुझे इस बात का काफी संतोष है कि कोबरा सांप ने हमें अधिक नुकसान पहुंचाने से पहले ही छोड़ दिया है। भाजपा किराए पर लिए गए लोगों की पार्टी हैं, जो लोग हमसे लिए गए हैं, असली भाजपा कार्यकर्ताओं को तो टिकट ही नहीं मिले हैं।’’

Desk Team